सिवनी में NH-44 पर ट्राले से टकराई बेंगलुरू से नेपाल जा रही बस, 6 से ज्यादा यात्री घायल
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
छपारा थाना क्षेत्र में रणधीर नगर के पास सोमवार तड़के हुए हादसे में बस के ड्राइवर और क्लीनर को गंभीर चोटें आईं।
सिवनी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सोमवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। छपारा थाना क्षेत्र के रणधीर नगर के पास बेंगलुरू से नेपाल जा रही यात्री बस आगे चल रहे ट्राले के पिछले हिस्से में पीछे से जा घुसी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट-फूट गया। हादसे में 6 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं। इसके अलावा बस के ड्राइवर और क्लीनर को भी गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के मुताबिक बस बेंगलुरू से नेपाल जा रही थी। रणधीर नगर के पास बस बेकाबू हो गई और आगे चल रहे ट्राले के पीछे से टकरा गई। उस वक्त ज्यादातर यात्री नींद में थे। अचानक हुई टक्कर से बस के अंदर चीख-पुकार मच गई और हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव का काम शुरू किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग की आपातकालीन सहायता सेवा 1033 की मदद से घायलों को सिवनी के जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज अभी जारी है। बाकी यात्रियों को भी बस से सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की गई।
बताया जा रहा है कि बस और ट्राला दोनों नागपुर से जबलपुर की ओर, यानी एक ही दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान बस ट्राले के पिछले हिस्से से भिड़ गई। हालांकि हादसे की असल वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।
हादसे की सूचना मिलने पर छपारा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।