सीहोर में बढ़ने लगी सुबह-शाम की ठंड, दिन में 31 और रात में 13 डिग्री पहुंचा पारा
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
रविवार को सीहोर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक 18 और 19 नवंबर के आसपास पारा 12 डिग्री तक जा सकता है।
सीहोर में सुबह और शाम की ठंड अब बढ़ने लगी है और लोग इसे महसूस करने लगे हैं। रविवार को यहां न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 31 डिग्री रहा। यानी दिन और रात के तापमान में 18 डिग्री का फर्क है।
दिन में आसमान साफ रहने से तेज धूप निकल रही है और उसकी वजह से गर्मी लगती है। अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री के आसपास बना हुआ है। लेकिन सूरज ढलते ही तापमान तेजी से नीचे आता है। उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट हो रही है, और बादल न होने की वजह से भी रात में ठंड बढ़ रही है।
इन दिनों सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोग गर्म कपड़े पहनने लगे हैं। शाम होते ही बाजारों और सार्वजनिक जगहों पर भी ठंड का असर महसूस होने लगा है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4-5 दिनों तक आसमान साफ रहेगा और दिन में धूप निकलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं रात का तापमान और गिरने का अनुमान है। 18 और 19 नवंबर के आसपास न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक पहुंच सकता है।
सुबह के समय हल्की धुंध छा सकती है। फिलहाल बारिश की संभावना बहुत कम है। अगर उत्तर और उत्तर-पूर्व दिशा से ठंडी हवाएं चलीं, तो सुबह और रात में ठंड ज्यादा महसूस होगी। नवंबर के दूसरे पखवाड़े में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने का अनुमान है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।