रायसेन में 18 लाख का चेक लेने पहुंचे हितग्राही को योजना का पता नहीं, मंत्री ने अधिकारी को लगाई फटकार
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
रायसेन में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के मंच पर 18 लाख रुपए का चेक लेने आया हितग्राही योजना नहीं बता सका। स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने मत्स्य विभाग के अधिकारी को फटकारा और जांच के निर्देश दिए।
रायसेन के वन परिसर में शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम हुआ। इसी कार्यक्रम में एक हितग्राही 18 लाख रुपए का चेक लेने मंच पर पहुंचा, लेकिन उसे यह भी नहीं पता था कि यह रकम किस योजना के तहत दी जा रही है।
स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने हितग्राही से योजना और रकम के इस्तेमाल के बारे में पूछा। वह कोई साफ जवाब नहीं दे पाया। इस पर मंत्री नाराज हो गए। उन्होंने भरे मंच से मत्स्य विभाग के अधिकारी को बुलाया और उन्हें फटकार लगाई।
मंत्री ने कहा कि हितग्राही को रोजगार शुरू करने के लिए 18 लाख रुपए की मदद दी जा रही है, लेकिन उसे योजना की जानकारी तक नहीं है। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर रोहित सिसोनिया को तुरंत जांच के निर्देश दिए।
कार्यक्रम की शुरुआत कन्यापूजन से हुई। स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, सांची के विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी और कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने कन्यापूजन किया। इसके बाद भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माला चढ़ाई गई और दीप जलाया गया। नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी और दूसरे जनप्रतिनिधि व अधिकारी भी मौजूद थे।
कार्यक्रम में शासकीय सांदीपनि विद्यालय, शासकीय आदर्श कन्या स्कूल और बायपास रोड के आदिवासी छात्रावास की छात्राओं ने पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में नृत्य पेश किया। तालियों से पूरा परिसर गूंज उठा। अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, उनके संघर्ष और जनजातीय समाज के योगदान पर अपनी बात रखी।
इससे पहले शहर में स्कूली बच्चों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र और आदिवासी वेशभूषा के साथ प्रभात फेरी निकाली।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।