रायसेन मंडी में लूट के विरोध में व्यापारी सड़क पर, 7 दिन में गिरफ्तारी न हुई तो बंद की चेतावनी
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
रायसेन कृषि उपज मंडी में फर्म पर लूट और अकाउंटेंट से मारपीट के विरोध में व्यापारियों ने पैदल मार्च निकाला। पुलिस को 7 दिन का अल्टीमेटम दिया, वरना मंडी और शहर बंद होंगे।
रायसेन कृषि उपज मंडी में व्यापारी मनोज राठौर की फर्म पर हुई लूट और अकाउंटेंट पदमसिंह यादव के साथ बेरहमी से की गई मारपीट के विरोध में शनिवार दोपहर शहर के व्यापारियों ने पैदल मार्च निकाला। इसमें व्यापार महासंघ भी शामिल था। व्यापारी नारेबाजी करते हुए मंडी से एसडीएम कार्यालय तक पहुंचे।
वहां उन्होंने मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम एसडीएम मनीष शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और व्यापारियों की सुरक्षा की मांग की गई।
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि इस अवधि में आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो सोमवार से कृषि उपज मंडी पूरी तरह बंद रहेगी और नीलामी नहीं होगी। इसके बाद देवउठनी ग्यारस के बाद रायसेन शहर बंद करने का भी ऐलान किया गया है।
व्यापारियों ने कहा कि मंडी जैसे व्यस्त और चहल-पहल वाले इलाके में ऐसी वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उनका कहना था कि जब बीच बाजार में व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं, तो कहीं भी ऐसी घटना हो सकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की, ताकि आगे ऐसी वारदातें न दोहराई जाएं।
व्यापार महासंघ और व्यापारियों की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में घटना के सभी आरोपियों की पहचान कर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग की गई। इसके अलावा लूटी गई करीब 20 लाख रुपए की रकम बरामद करने और घायल मुनीम पदमसिंह यादव को न्याय दिलाने की मांग भी रखी गई। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी और शहरवासी लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेंगे।
उधर पुलिस ने मंडी गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना की रात दिखे दो संदिग्धों के फुटेज जारी किए हैं। पुलिस ने लोगों से उनकी पहचान करने में मदद की अपील की है। डीआईजी की ओर से संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी में मदद करने वाले को 30 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा भी की गई है। संदिग्धों के पोस्टर जगह-जगह लगाए जा रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी फैलाए जा रहे हैं।
एसडीओपी आकांक्षा तलया ने बताया कि मामले की जांच में 10 से ज्यादा पुलिस टीमें लगी हैं। आईजी और डीआईजी भी पूरे मामले पर लगातार नजर रखे हुए हैं। पांच एसडीओपी रैंक के अधिकारियों समेत 60 से ज्यादा पुलिसकर्मी आरोपियों का पता लगाने में जुटे हैं।
एसडीएम मनीष शर्मा ने बताया कि व्यापारियों का ज्ञापन वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा दिया गया है। पुलिस प्रशासन को भी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी के लिए निर्देश दिए गए हैं। घटना के तीसरे दिन भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है।
जिस फर्म में अकाउंटेंट का ईंट से सिर कुचलकर लूट की गई, वह मंडी गेट से सिर्फ 50 फीट दूर है। फर्म की दीवार से सटा चेकपोस्ट भी है, जहां रातभर सिक्योरिटी गार्ड और मंडी का कर्मचारी मौजूद थे। उन्हें वारदात की भनक तक नहीं लगी।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।