मऊगंज के दामोदरगढ़ में दीपावली पर परिवार से मारपीट का आरोप, एएसपी से की गई शिकायत
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
मऊगंज थाना क्षेत्र के दामोदरगढ़ में मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में कार्रवाई न होने पर एक परिवार ने एएसपी से शिकायत की। एएसपी ने जांच कराकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।
मऊगंज थाना क्षेत्र के दामोदरगढ़ गांव में मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए एक परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की है। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे अंजनी कुमार पटेल ने एएसपी शशिकांत सरयाम को आवेदन सौंपा। उन्होंने आरोपियों पर कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की।
आवेदन के मुताबिक, बुद्धसेन पटेल के बेटे अंजनी कुमार पटेल का 8 नवंबर 2026 को दीपावली के दिन गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया था। आरोप है कि सुनील कुमार पटेल, अनिल कुमार पटेल, सुशील पटेल और आशु पटेल ने गाली-गलौज की। इसके बाद अंजनी और उनके परिवार के सदस्यों को डंडों और पत्थरों से पीटा गया। कई लोगों को चोटें आईं। आवेदन के साथ उनकी एमएलसी रिपोर्ट भी लगाई गई है।
अंजनी का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप यह भी है कि बाद में उन्होंने रास्ता रोककर डंडा और फरसा दिखाया और कट्टे से मारने की धमकी दी।
आवेदन में कहा गया है कि घटना वाले दिन यानी 8 नवंबर को ही मऊगंज थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंजनी के मुताबिक, इससे पहले 15 अक्टूबर को भी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की शिकायत थाने में की गई थी।
शनिवार को आवेदन मिलने के बाद एएसपी शशिकांत सरयाम ने मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। परिवार ने निष्पक्ष जांच, आरोपों के आधार पर कार्रवाई और सुरक्षा देने की मांग की है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।