झाबुआ में बेटे की खुदकुशी छिपाने के लिए पिता ने शव कुएं में डाला, केस दर्ज
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
झाबुआ के काकनवानी थाना क्षेत्र में पुलिस जांच में सामने आया कि बेटे की आत्महत्या के बाद पिता ने शव कुएं में डालकर हादसे की झूठी कहानी गढ़ी। पिता पर मिथ्या साक्ष्य का केस दर्ज हुआ है।
झाबुआ जिले के थाना काकनवानी की चौकी परवलिया क्षेत्र में मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक बेटे की आत्महत्या के बाद सरकारी योजनाओं का फायदा लेने के मकसद से पिता ने ही शव को कुएं में फेंक दिया। इसके बाद उसने दुर्घटना की झूठी कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह किया। पूरा घटनाक्रम सामने आने पर पिता के खिलाफ धारा 212 बीएनएस के तहत इस्तगासा तैयार किया गया है।
पुलिस के अनुसार 10 अक्टूबर 2026 को ग्राम खांदन के रहने वाले भुंडा पुत्र सडिया सिंगाडिया (55) ने चौकी परवलिया पहुंचकर सूचना दी कि उनका बेटा बबलू सिंगाडिया (29) कुएं में मरा हुआ मिला है। भुंडा ने बताया कि बबलू 9 अक्टूबर 2026 को गुजरात के भावनगर से घर आया था। शाम को वे घर लौटे तो बबलू घर पर नहीं मिला।
भुंडा के मुताबिक अगले दिन सुबह घर के पास बने कुएं में बबलू की चप्पल दिखी। इसके बाद तलाश की गई तो शव कुएं के पानी में मिला। सूचना पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 57/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान बबलू का पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टर ने रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी लगाना लिखी। इसी रिपोर्ट से पुलिस का शक गहरा गया, क्योंकि कुएं में डूबने से मौत की बात पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मेल नहीं खा रही थी।
मृतक के माता-पिता और पत्नी के बयानों में सामने आया कि घटना वाले दिन बबलू शराब पीकर घर आया था। पत्नी से झगड़े के बाद वह ऊपर वाले कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। बाद में उसने कमरे में नायलॉन की रस्सी से फांसी लगाकर जान दे दी।
जांच में यह भी पता चला कि बेटे की आत्महत्या के बाद पिता भुंडा सिंगाडिया शव को कंधे पर उठाकर रात में घर के पास वाले कुएं तक ले गए और उसमें डाल दिया। सुबह उन्होंने कुएं में शव मिलने की झूठी कहानी बनाई। इससे गांव वाले और पुलिस दोनों गुमराह हुए। चौकी परवलिया में उन्होंने झूठी रिपोर्ट भी दर्ज कराई। आत्महत्या की असल घटना को छिपाकर उसे कुएं में डूबने का हादसा दिखाने की कोशिश इसलिए की गई, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
गवाहों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और दूसरे सबूतों के आधार पर पुलिस ने सूचना देने वाले भुंडा पिता सडिया सिंगाडिया के खिलाफ मिथ्या साक्ष्य देने के मामले में थाना काकनवानी में केस दर्ज किया है।
झाबुआ पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अप्राकृतिक मौत, दुर्घटना या संदिग्ध घटना की सही जानकारी पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि घटना के तथ्य छिपाने, झूठी सूचना देने या पुलिस को गुमराह करने से बचें। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए गलत जानकारी देना या झूठा सबूत पेश करना कानून की नजर में अपराध है। ऐसे मामलों में पुलिस निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई करेगी।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।