भोपाल में एसिड से बंद आहार नली की जगह बड़ी आंत से बनी नई नली, युवक खाने लगा
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
बीएमएचआरसी के डॉक्टरों ने 25 साल के युवक की बड़ी आंत का करीब 20 सेंटीमीटर हिस्सा नई आहार नली बनाकर जोड़ा। डेढ़ साल बाद वह मुंह से खाने लगा है।
भोपाल के बीएमएचआरसी में डॉक्टरों ने एक जटिल सर्जरी करके 25 साल के युवक के लिए खाने का रास्ता फिर से खोल दिया है। एसिड पीने के बाद उसकी आहार नली पूरी तरह खराब होकर बंद हो गई थी। इस वजह से वह डेढ़ साल तक मुंह से खाना तो दूर, पानी तक नहीं पी सका। सर्जरी के बाद अब वह मुंह से खाना खा रहा है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
डॉक्टरों के मुताबिक युवक ने करीब डेढ़ साल पहले एसिड पी लिया था। इससे उसकी आहार नली को गंभीर नुकसान पहुंचा और धीरे-धीरे वह पूरी तरह बंद हो गई। डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी से नली खोलने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। नली पूरी तरह बंद थी, इसलिए उसमें स्टेंट डालना भी मुमकिन नहीं था। इसके बाद युवक को छोटी आंत के रास्ते तरल पोषण दिया जाता रहा।
बीएमएचआरसी के उदर रोग शल्यक्रिया विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रमोद वर्मा ने बताया कि मरीज का आमाशय भी एसिड से खराब हो चुका था। इसलिए आमाशय को नई आहार नली बनाने में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता था। तब बड़ी आंत के स्वस्थ हिस्से को विकल्प के तौर पर चुना गया।
सर्जरी में बड़ी आंत का करीब 20 सेंटीमीटर हिस्सा सावधानी से अलग किया गया। उसकी रक्त आपूर्ति सुरक्षित रखते हुए उसे ऊपर ले जाकर आहार नली के स्वस्थ हिस्से से जोड़ा गया। दूसरे सिरे को छोटी आंत से जोड़ दिया गया, जिससे खाने के लिए नया रास्ता बन गया। बड़ी आंत के बचे हिस्से को भी दोबारा जोड़ा गया, ताकि उसका काम सामान्य रूप से चलता रहे।
सीटीवीएस विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. गिरिराज गर्ग ने बताया कि यह सर्जरी तकनीकी रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण थी। नई आहार नली को तय रास्ते से ऊपर ले जाना और उसके दोनों सिरों को सही जगह जोड़ना सबसे अहम था। पुरानी एसिड इंजरी से ऊतकों में आए बदलावों ने चुनौती और बढ़ा दी थी। यह ऑपरेशन उदर रोग शल्यक्रिया और सीटीवीएस विभाग की संयुक्त टीम ने किया।
टीम में एनेस्थीसियोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. अनुराग यादव और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शिल्पा तिवारी भी शामिल थे। बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे जटिल मामलों में विशेषज्ञ विभागों के बीच तालमेल से बेहतर इलाज संभव हो रहा है। मरीज का पूरा इलाज आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त किया गया।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।