गुरूवार, 12 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

जबलपुर: दोहरे हत्याकांड के आरोपियों को घटनास्थल ले जाने पर भड़के परिजन, पुलिस ने बचाया

जुर्म PT24 अपराध डेस्क

जबलपुर में दीपावली की रात दो युवकों की हत्या के मामले में पकड़े गए 7 आरोपियों को पुलिस घटनास्थल ले गई तो मृतकों के परिजन उन पर टूट पड़े। तीन आरोपी अब भी फरार हैं।

जबलपुर में दीपावली की रात जुआ खेलने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि इस वारदात में 10 युवक शामिल थे। घमापुर पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार दोपहर पुलिस इन आरोपियों को लेकर घटनास्थल पहुंची और उनका जुलूस निकाला तो मृतकों के परिजन भड़क उठे और आरोपियों को मारने की कोशिश करने लगे।

पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आरोपियों को परिजनों से बचाया। इसके बाद आरोपियों को पैदल चलाकर कांचघर तक ले जाया गया। इसी दौरान मृतक कार्तिक उर्फ बाबू चौधरी की छोटी बहन हाथ में पत्थर लेकर आरोपियों की ओर दौड़ पड़ी। उसके मुंह से बार-बार बस एक ही बात निकल रही थी: "तूने मेरे भाई को क्यों मार डाला।" घमापुर पुलिस ने बाद में सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

कार्तिक चौधरी और करण पासी की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार रात मुख्य आरोपी प्रिंस चौधरी समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस जब आरोपियों को सिद्धबाबा मंदिर के पास लेकर पहुंची तो अचानक भारी भीड़ जमा हो गई। परिजन और स्थानीय लोग आरोपियों को मारने के लिए दौड़ पड़े। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उन्हें रोका। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने जल्दबाजी में आरोपियों को गाड़ी में बैठाया और सीधे कोर्ट ले गई।

मृतक कार्तिक के भाई सोनू चौधरी उर्फ जय कुमार ने बताया कि रात करीब 1 बजे कार्तिक और करण अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से निकले थे। रास्ते में घात लगाकर बैठे युवकों के एक समूह ने उन्हें अचानक चारों तरफ से घेर लिया। मुख्य आरोपी 21 साल के प्रिंस चौधरी और उसके साथियों से मृतकों का पुराना विवाद था। दीपावली की रात संत रविदास मंदिर के पास मोहल्ले के लड़के इकट्ठा हुए थे। उसी दौरान इस पुरानी रंजिश को लेकर बहस हो गई और देखते ही देखते मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। बताया जा रहा है कि जुआ खेलने को लेकर हुए विवाद की वजह से दोनों युवकों की हत्या हुई।

वारदात में शामिल 3 आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक कार्तिक और आरोपी प्रिंस, दोनों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

सीएसपी शशांक गुर्जर ने बताया कि 24 घंटे के भीतर 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके मुताबिक प्रिंस चौधरी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट और अवैध वसूली समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

कार्तिक और करण की हत्या के तीन आरोपी अभी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है। सीएसपी ने बताया कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

#इंदौर#जुर्म#PT24#Crime#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन