सोम‌वार, 16 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

ग्वालियर के पैरा आर्म रेसलर रोहित सिंह ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीते दो कांस्य, शहर में निकली रैली

शहर की सड़क पर सजी गाड़ी के साथ लोग फूलों की माला और मिठाई लिए चल रहे हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
खेल PT24 खेल डेस्क

नई दिल्ली की वर्ल्ड पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में दो कांस्य जीतकर लौटे रोहित सिंह का ग्वालियर में स्वागत हुआ। जन्म से 80 प्रतिशत दिव्यांग रोहित का अगला लक्ष्य ओलंपिक पदक है।

ग्वालियर के पैरा आर्म रेसलर रोहित सिंह शनिवार को शहर लौटे तो उनका जोरदार स्वागत हुआ। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दो कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। परिजनों और खेल प्रेमियों ने उनके सम्मान में वाहन रैली निकाली।

शहर में जगह-जगह फूल-मालाओं से रोहित का स्वागत किया गया। परिजनों ने मिठाई खिलाकर उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई। रोहित की सफलता से परिवार और पूरे शहर में उत्साह का माहौल रहा।

रोहित ने नई दिल्ली में हुई 47वीं वर्ल्ड आर्म रेसलिंग और 28वीं वर्ल्ड पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करके दो कांस्य पदक अपने नाम किए। उन्हें जन्म से 80 प्रतिशत दिव्यांगता है और वे सेरेब्रल पाल्सी की चुनौती से भी जूझते हैं। इसके बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर यह मुकाम पाया। उनकी इस कामयाबी से ग्वालियर का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।

रोहित का अब तक का खेल सफर लगातार उपलब्धियों से भरा रहा है। साल 2025 में उन्होंने बुल्गारिया में हुई वर्ल्ड पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इसके बाद उज्बेकिस्तान के ताशकंद में हुए वर्ल्ड पैरा आर्म रेसलिंग कप में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता। दिल्ली में हुई एशियन आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में भी उन्हें एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक मिले।

राष्ट्रीय स्तर पर भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। केरल में हुई 2025 की नेशनल पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में उन्होंने दो स्वर्ण पदक जीते। गुजरात में 2026 में हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उन्हें दो स्वर्ण मिले। ग्वालियर में हुए ऑल इंडिया PAFI पैरा आर्म रेसलिंग कप-2025 में उन्होंने दो स्वर्ण पदक जीते और चैंपियन ऑफ चैंपियंस का खिताब भी अपने नाम किया।

ग्वालियर पहुंचने पर रोहित ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। उनके मुताबिक मुकाबले काफी कठिन थे और कई देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। उन्होंने बताया कि करीब 85 देशों के खिलाड़ी प्रतियोगिता में पहुंचे थे। ऐसे खिलाड़ियों के बीच उतरना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन उन्होंने पूरी ताकत और आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन किया।

रोहित ने कहा, "अभी तो और आगे जाना है। मेरी तैयारी जारी रहेगी। अब लक्ष्य ओलंपिक में देश के लिए पदक जीतना है।" उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, कोच और खेल संघ के पदाधिकारियों को दिया।

#इंदौर#खेल#PT24#Sports#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन