बालाघाट में कटंगी-तिरोड़ी रेलमार्ग पर ट्रेन से कटकर बाघ शावक की मौत
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
बालाघाट जिले के कटंगी-तिरोड़ी रेलमार्ग पर रविवार को एक साल के बाघ शावक को ट्रेन ने टक्कर मार दी। बाघिन घंटों आसपास दहाड़ती रही। लोगों ने पटरी के दोनों ओर जाली या बाड़ की मांग की है।
बालाघाट जिले में कटंगी-तिरोड़ी रेलमार्ग पर रविवार को एक साल के बाघ शावक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया गया कि शावक रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी ट्रेन उसकी चपेट में आ गई।
यह हादसा वन विकास निगम के कटंगी परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 786 में हुआ। हादसे के बाद बाघिन कई घंटे तक घटनास्थल के आसपास मंडराती और दहाड़ती रही।
घटना की जानकारी मिलने पर तिरोड़ी थाने से डायल 112 वाहन के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बाघिन की गुर्राहट और दहाड़ सुनकर वे वाहन से नीचे नहीं उतर पाए। इसके बाद वन विभाग की टीम पहुंची। टीम ने बाघिन की मौजूदगी में सावधानी से शावक का शव हटाया।
पेंच से आई डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमॉर्टम किया। फिर एनटीसीए की गाइडलाइन के मुताबिक वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में शावक का अंतिम संस्कार किया गया।
खांडिटोला से हीरापुर और पौनिया तक फैले जंगलों में बाघ, हिरण, जंगली सूअर, जंगली गाय और दूसरे वन्यजीव रहते हैं। बीते कुछ दिनों से इलाके में एक बाघिन के चार शावकों के साथ होने की चर्चा थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कटंगी रेलमार्ग करीब 5 किलोमीटर तक जंगल से होकर गुजरता है। पटरी के दोनों ओर घना जंगल है और यह पेंच नेशनल पार्क से जुड़ा है, इसलिए यहां से वन्यजीवों की आवाजाही रहती है।
लोगों का कहना है कि ट्रैक पर सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं, इसलिए ऐसी घटनाओं का डर बना रहता है। उन्होंने वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए पटरी के दोनों ओर सेफ्टी जाली या बाड़ लगाने की मांग की, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों और जंगली जानवर सुरक्षित रहें। उनका यह भी कहना है कि वन्यजीव की इस तरह अचानक हुई मौत के लिए रेलवे और वन विभाग दोनों जिम्मेदार हैं।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।