तीस्ता नदी में बहा हाथी का बच्चा, वन विभाग और मछुआरों ने कराई मां से मुलाकात
तीस्ता नदी के तेज बहाव में बहा हाथी का नवजात बच्चा, वन विभाग और स्थानीय मछुआरों ने बचाकर मां से मिलवाया, वीडियो वायरल
मां और बच्चे का रिश्ता बहुत खास माना जाता है, और यह सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं है। जानवरों में भी यह बंधन उतना ही गहरा दिखता है। अपने बच्चे को बचाने के लिए मां अपनी जान तक दांव पर लगा देती है। लेकिन अगर बच्चा मुश्किल में हो और मां कुछ कर ही न पाए, तो क्या होगा। कुछ ऐसी ही घटना हाल में सोशल मीडिया पर वायरल हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पानी के तेज बहाव के चलते हाथी का एक नवजात बच्चा अपनी मां से बिछड़ गया। तीस्ता नदी के जोरदार प्रवाह ने उसे करीब 5 किलोमीटर तक बहा दिया। इतनी दूर तक बहते-बहते बच्चा लगभग डूबने की हालत में पहुंच गया था। इसी बीच वन विभाग की टीम और स्थानीय मछुआरों की मदद से हाथी के इस बच्चे को बचाने का काम शुरू किया गया।
नदी के तेज बहाव और मुश्किल हालात का सामना करते हुए टीम ने डूबते हाथी के बच्चे को सुरक्षित बचा लिया। एक नाव की मदद से सबने मिलकर बच्चे को रेस्क्यू किया और नाव में बिठाकर उसे उसकी मां के पास वापस लाया गया।
इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो एक्स अकाउंट @MuditKVerma से शेयर किया गया है। पोस्ट में लिखा गया है कि नवजात हाथी का बच्चा तीस्ता के तेज बहाव में करीब 5 किलोमीटर तक बह गया था। वन विभाग की टीम ने स्थानीय मछुआरों की मदद से डूबते बच्चे को बचाकर उसकी मां से मुलाकात कराई। यह पोस्ट 21 सितंबर 2026 को शेयर की गई थी।
बचाव के बाद वीडियो में दिखता है कि छोटा हाथी अपने नन्हे कदम बढ़ाते हुए अपनी मां हथिनी की तरफ बढ़ रहा है। पूरी घटना से इतना डरा हुआ था कि मां को देखते ही वह दौड़कर उसकी तरफ भागा और उससे लिपटकर गले मिल गया।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और कई यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में इस बचाव अभियान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा, मुझे तो वीडियो में सिर्फ स्थानीय लोग ही दिखे, वन विभाग वीडियो में था ही नहीं। दूसरे यूजर ने लिखा, हाथी के बच्चे को मां ने खूब डांट लगाई होगी। एक और यूजर ने लिखा, हथिनी और उसके बच्चे की दोबारा मुलाकात कराने में मदद करने वाली पूरी टीम का बहुत-बहुत शुक्रिया और उन्हें भगवान का आशीर्वाद मिले।