शादी में स्पार्कल गन चलाना पड़ा भारी, दुल्हन के बालों में आग लगने का वीडियो वायरल
शादी के स्टेज पर स्पार्कल गन चलाने के बाद दुल्हन के बालों में आग लगने का दावा करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि वीडियो असली है या AI से बना, इस पर बहस छिड़ी है।
शादियों में डांस, धमाल और मस्ती तो होती ही है, लेकिन यही मस्ती कभी-कभी बहुत महंगी पड़ जाती है। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर हवा की रफ्तार से फैल रहा है, जिसे देखकर लोगों की सांसें अटक जा रही हैं।
वीडियो में दिखाया गया है कि शादी के स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन बैठे हैं और चारों तरफ खुशी का माहौल है। दोस्त लोग आसपास खड़े होकर फोटो खिंचवा रहे हैं और मस्ती कर रहे हैं। इसी बीच दूल्हे का एक दोस्त हाथ में फटाके छोड़ने वाली फायर गन लेकर आता है, जिसे स्पार्कल गन भी कहा जाता है। थोड़ा सेलिब्रेशन करने और धुआं उड़ाने के इरादे से वह सीधे दुल्हन के सामने जाकर खड़ा हो जाता है और उसके चेहरे के पास वह गन चला देता है।
इसके बाद जो होता है, वह देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। गन से तेज ठिणगें निकलती हैं और सीधे दुल्हन के चेहरे और बालों पर जा गिरती हैं। अगले ही पल दुल्हन के बालों ने जैसे आग पकड़ ली हो, ऐसा वीडियो में साफ दिख रहा है। स्टेज पर मौजूद लोग भी एकदम घबरा जाते हैं और कुछ समझ में आने से पहले ही अफरा-तफरी मच जाती है। दुल्हन पूरी तरह डर जाती है। किसी ने यह वीडियो मोबाइल में शूट कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, और डालते ही यह जबरदस्त वायरल हो गया। लाखों लोग इसे अब तक देख चुके हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि यह वीडियो असली है या नकली। कई लोग कमेंट में लिख रहे हैं कि यह AI से बनाया गया हो सकता है, क्योंकि आजकल ऐसे वीडियो AI की मदद से आसानी से बनाए जा सकते हैं। वहीं दूसरी तरफ कई लोगों का कहना है कि वीडियो असली है और शादियों में ऐसी फालतू हरकतें नहीं करनी चाहिए। स्टेज पर फायर गन, ड्राई आइस और पटाखों का इस्तेमाल काफी खतरनाक होता है, क्योंकि दुल्हन के बालों पर स्प्रे और मेकअप लगा होता है, जिससे आग जल्दी पकड़ सकती है।
नेटिजन्स ने उस दोस्त को खूब लताड़ लगाई है। किसी ने लिखा है कि मस्ती के नाम पर किसी की जान से मत खेलो, तो किसी का कहना है कि सेलिब्रेशन जरूर करो, लेकिन दूसरे की जान को खतरे में मत डालो।