रेलवे इंजन से साड़ी बांधकर पटरी पर नाचती महिला का वीडियो वायरल, लोग भड़के
सोशल मीडिया पर रील बनाना अब आम बात हो गई है। इंटरनेट पर वायरल होने के लिए लोग रोज़ कुछ नया करने की कोशिश करते हैं। कोई अनोखा स्टंट दिखाता है, तो कोई ऐसा काम कर बैठता है जिसे देखकर लोग हैरान रह जाएं। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों शेयर किया गया है, जिसमें एक महिला वायरल होने के लिए अपनी जान जोखिम में डालती दिख रही है।
वीडियो में महिला बॉलीवुड स्टाइल में डांस करती नज़र आती है। उसने अपनी साड़ी का पल्लू रेलवे इंजन के आगे वाले हिस्से से बांध दिया और सुरक्षा को ताक पर रखकर रील शूट की। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब फैल रहा है और यूज़र्स ने महिला के इस काम की आलोचना की है।
वीडियो में दिखता है कि ट्रेन पटरी पर खड़ी थी। इसी का फायदा उठाकर महिला पटरी पर उतर गई और रील बनाने लगी। उसने नारंगी रंग की साड़ी पहनी थी, आंखों पर गॉगल लगाया था और हाथों में चूड़ियां थीं। इस पूरे सजने-संवरने के साथ वह बड़े अंदाज़ में अपना वीडियो शूट करने लगी। वह बॉलीवुड का एक सीन दोबारा बनाती दिख रही है।
रेलवे पटरी पर बेवजह उतरना और वहां रील शूट करना रेलवे के नियमों का उल्लंघन है। ऐसी हरकतों से जान का खतरा बढ़ता है, इसलिए रील के चक्कर में ऐसे काम लोगों को बंद करने चाहिए।
यह वीडियो एक्स पर @Nalanda_index नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। इस पर कई यूज़र्स ने कमेंट करके अपनी राय रखी। एक यूज़र ने लिखा, "ऐसे मूर्ख समझदार कब होंगे?"। दूसरे यूज़र ने लिखा, "कृपया इस वीडियो की जांच करके संदिग्ध पर उचित कार्रवाई करें"। एक और यूज़र ने लिखा, "रील के पीछे लोग पागल हो गए हैं"। कई लोगों ने महिला की सोच पर भी सवाल उठाए हैं।
अकाउंट की पोस्ट में लिखा है कि रील बनाने की होड़ लोगों को सिर्फ मानसिक रूप से ही नहीं, बल्कि सामाजिक रूप से भी दिवालिया बना रही है। पोस्ट के मुताबिक कुछ लाइक्स और व्यूज़ के लिए लोग अपनी समझ, शर्म और ज़िम्मेदारी तक दांव पर लगाने लगे हैं। उसमें यह भी कहा गया है कि कभी-कभी लगता है कि कैमरा चालू होते ही इंसानियत बंद हो जाती है।