गुरूवार, 12 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

विदिशा के मनोरा में खेत पर जमीन को लेकर झगड़ा, 40 साल के नीलेश रघुवंशी की मौत

सुबह की रोशनी में दो पुलिसकर्मी ग्रामीणों के साथ जुताई वाले खेत के पास चलते दिखते हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
जुर्म PT24 अपराध डेस्क

ग्यारसपुर थाना क्षेत्र के गांव मनोरा में जमीन के विवाद में परिवार के लोग भिड़े और नीलेश रघुवंशी की मौत हो गई। परिजनों ने रिश्तेदारों पर मारपीट और ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश का आरोप लगाया है।

विदिशा जिले के ग्यारसपुर थाना क्षेत्र में आने वाले गांव मनोरा में जमीन को लेकर एक ही परिवार के लोग आपस में भिड़ गए। खेत में हुए इस झगड़े के दौरान 40 साल के नीलेश रघुवंशी की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि रिश्तेदारों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश भी की।

परिजनों के मुताबिक नीलेश उस वक्त अपने भतीजे हर्ष के साथ खेत में बोनी का काम कर रहे थे। तभी परिवार के ही कुछ लोग दो ट्रैक्टर लेकर खेत पर पहुंच गए। वहां जमीन को लेकर बहस शुरू हुई। हर्ष का आरोप है कि इसी दौरान रिश्तेदारों ने उसके चाचा नीलेश के साथ मारपीट की।

हर्ष ने बताया कि विवाद के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर वहां से निकलने लगे। उसी समय उन्होंने उसके बड़े पिता खेलन सिंह की तरफ ट्रैक्टर बढ़ा दिया, जिससे खेलन सिंह को चोटें आईं। परिजनों का यह भी कहना है कि आरोपियों ने नीलेश की ओर भी ट्रैक्टर बढ़ाकर उन्हें कुचलने की कोशिश की, लेकिन सामने दूसरा ट्रैक्टर आ जाने से वह रुक गया।

घटना के बाद नीलेश को गंभीर हालत में विदिशा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सोमवार को उनके शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

परिजनों ने यह भी बताया कि जमीन को लेकर पिछले साल भी परिवार के बीच विवाद हुआ था। तब समाज के लोगों ने बीच में पड़कर दोनों तरफ के लोगों में समझौता करा दिया था।

एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि ग्यारसपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। दोनों पक्षों के बीच चल रहे जमीन के विवाद की भी जांच की जा रही है। एसपी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

#इंदौर#जुर्म#PT24#Crime#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन