झाबुआ के समोई में दो मकान जलकर राख, रास्ते में बंद हुई नगर परिषद की फायर ब्रिगेड
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
रानापुर तहसील की समोई पंचायत के मोद फलिया में मंगलवार तड़के दो मकान जल गए। तीन बैल और दो बकरियां मर गईं, पांच परिवारों का नुकसान बताया गया। फायर ब्रिगेड रास्ते में बंद हो गई।
झाबुआ जिले की रानापुर तहसील की ग्राम पंचायत समोई के मोद फलिया में मंगलवार तड़के करीब 3 बजे दो मकानों में आग लग गई। आग लगने की वजह का पता नहीं चला है। आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए।
हादसे में एक बड़े बैल, दो छोटे बैलों और दो बकरियों की जलकर मौत हो गई। घरों में रखा अनाज, चांदी के गहने, नकदी, कपड़े, बिस्तर और घर का बाकी सामान भी जल गया। प्रभावित परिवारों की गृहस्थी पूरी तरह उजड़ गई।
आग बुझाने नगर परिषद की फायर ब्रिगेड पहुंची, लेकिन ऊबड़-खाबड़ रास्ते पर तकनीकी खराबी के कारण वह बीच रास्ते में ही बंद हो गई। गांव वालों को उसे दोबारा चालू कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में डीजल भी मंगवाना पड़ा।
नुकसान का ब्योरा इस तरह है: राकेश छितु वसुनिया को 2.50 लाख रुपए, दिलीप छितु वसुनिया को 60 हजार रुपए, दिनेश छितु वसुनिया को 1.70 लाख रुपए, सामजी रूपा वसुनिया को 1.80 लाख रुपए और जंगलीया सामजी वसुनिया को 1.50 लाख रुपए का नुकसान हुआ।
प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया। कांग्रेस नेता दिनेश वसुनिया घटना की खबर मिलते ही रात में ही पहुंच गए और गांव वालों के साथ मिलकर आग बुझाने में मदद की। कुछ देर बाद जिला पंचायत सदस्य कमलेश सिंगाड़ भी मौके पर पहुंचे। मंगलवार दोपहर तहसीलदार राजेंद्र चौहान, टीआई श्रीराम मंडलोई और पटवारी कमल जामोद ने जगह का निरीक्षण किया और नुकसान का आकलन करके पंचनामा बनाया।
नगर परिषद की फायर ब्रिगेड के कामकाज पर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। 12 नवंबर 2023 को जोबट नाके पर पटाखा दुकानों में आग लगी थी, तब फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंची थी। इससे नाराज लोगों ने जमकर तोड़फोड़ की थी। उस घटना में फायर ब्रिगेड के ड्राइवर को भी चोट आई थी।
फायर ब्रिगेड के रास्ते में बंद होने पर नगर परिषद के सीएमओ सीताराम चौहान ने कहा कि वाहन चालू हालत में है और बंद नहीं हो सकता। जब उन्हें बताया गया कि डीजल और एयर की दिक्कत के कारण गाड़ी को धक्का लगाकर चालू करना पड़ा, तो उन्होंने कहा कि यह मशीन है, डीजल में कचरा आ गया होगा। उनका यह भी कहना था कि फायर ब्रिगेड आग बुझाने के बाद ही वापस लौटी।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।