नागपुर के कोयला व्यापारी से 22.50 लाख की ठगी का आरोप, पुणे के दो कारोबारियों पर केस दर्ज
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
नंदनवन पुलिस ने 300 मीट्रिक टन कोयला लेकर 22 लाख 50 हजार 736 रुपये न चुकाने के आरोप में पुणे के सौरभ रमेश पडवाल और शुभम पडवाल पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
नागपुर के एक कोयला व्यापारी से लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सीमेंट की ईंट बनाने वाली फैक्टरी चलाने का दावा करने वालों ने करीब 300 मीट्रिक टन कोयला लिया, पर माल मिल जाने के बाद 22 लाख 50 हजार 736 रुपये नहीं चुकाए। नंदनवन पुलिस ने पुणे के चिंचवड़ स्थित इंफिटेक ग्रुप और एश्योर ग्रुप के प्रबंध निदेशक सौरभ रमेश पडवाल और शुभम पडवाल के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता विशाल सुगंध पुराना बगड़गंज, शास्त्री नगर के रहने वाले हैं। वे पाथिक कोल कॉर्पोरेशन नाम की फर्म चलाते हैं। वे सरकारी नीलामी के जरिए कोयला खरीदते हैं और उसे अलग-अलग औद्योगिक इकाइयों को बेचते हैं।
फरवरी 2025 में आरोपियों ने फोन करके विशाल सुगंध से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि पुणे में उनकी सीमेंट की ईंट बनाने की फैक्टरी है और उन्हें बड़ी मात्रा में कोयला चाहिए। फिर वे नागपुर में विशाल के दफ्तर आए और कोयले की गुणवत्ता जांची। उन्होंने नियमित कारोबार और समय पर भुगतान का भरोसा दिया, जिससे व्यापारी को उन पर यकीन हो गया।
30 मार्च 2025 से 13 जून 2025 के बीच आरोपियों ने कई खेप में कुल 300 मीट्रिक टन कोयला खरीदा। इस कोयले की कुल कीमत 22 लाख 50 हजार 736 रुपये बताई गई है। शुरू में कारोबार सामान्य चलता रहा, लेकिन पूरा माल पहुंच जाने के बाद आरोपी भुगतान में आनाकानी करने लगे।
विशाल सुगंध ने बार-बार बकाया रकम मांगी तो आरोपी टालमटोल करते रहे। कुछ समय बाद उन्होंने फोन उठाना भी बंद कर दिया। एक दिन बात हुई तो शुभम पडवाल ने कथित तौर पर पैसे देने से साफ मना कर दिया।
सच्चाई जानने के लिए विशाल सुगंध पुणे में आरोपियों के बताए पते पर पहुंचे। वहां पता चला कि जिस जगह को आरोपियों का दफ्तर बताया गया था, वहां किसी और का दफ्तर चल रहा है। खुद को ठगा हुआ महसूस कर उन्होंने नंदनवन पुलिस थाने में शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।