मंगलवार, 17 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

पुणे से गुवाहाटी जा रहे इंडिगो विमान का लैंडिंग गियर अटका, एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

हवाई अड्डे पर विमान टर्मिनल के पास खड़ा है, सामने सामान गाड़ियां और सेवा वाहन हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
शहर PT24 टीम

उड़ान भरने के बाद इंडिगो के विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं गया। पायलट ने पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की और विमान में सवार सभी 192 लोग बच गए।

पुणे एयरपोर्ट पर आज सुबह इंडिगो के एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में तकनीकी खराबी आ गई थी। विमान पुणे से गुवाहाटी के लिए रवाना हुआ था, लेकिन उड़ान भरने के बाद उसका लैंडिंग गियर यानी पहिए अंदर नहीं गए। इससे एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया।

इंडिगो का विमान 6E 0623 (VT-IZE) कुल 192 यात्रियों और क्रू मेंबर्स को लेकर पुणे से गुवाहाटी के लिए निकला था। टेकऑफ के कुछ ही देर बाद पायलट ने देखा कि लैंडिंग गियर अंदर नहीं गया और बाहर ही अटका रह गया। हालात की गंभीरता समझते हुए पायलट ने बिना देर किए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इस खराबी की जानकारी दी।

इस सूचना के बाद पुणे एयरपोर्ट प्रशासन, ATC, इंडिगो और भारतीय वायुसेना (IAF) के बीच तुरंत तालमेल बैठाया गया। एहतियात के तौर पर भारतीय वायुसेना ने एयरपोर्ट पर पूर्ण आपातकाल घोषित किया। रनवे पर दमकल की गाड़ियां, एम्बुलेंस और बचाव की सारी व्यवस्था तैयार रखी गई।

विमान को उतारने से पहले लैंडिंग गियर की सही हालत देखने के लिए पायलट ने रनवे के ऊपर से 'लो पास' किया, यानी नीचे से विमान की जांच करवाई। यह प्रक्रिया सफलता से पूरी हुई।

पहियों की हालत देखने के बाद पायलट ने सुबह 9 बजकर 4 मिनट पर विमान को पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार दिया। लैंडिंग सुरक्षित रहने पर यात्रियों के साथ एयरपोर्ट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। इस घटना में किसी को चोट नहीं आई।

लैंडिंग के बाद दमकल की 3 गाड़ियों और 2 एम्बुलेंस की निगरानी में विमान को बे नंबर 7 तक ले जाया गया। वहां एरोब्रिज लगाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

यात्रियों का आगे का सफर न अटके, इसके लिए इंडिगो बेंगलुरु से दूसरा विमान पुणे मंगवाने की व्यवस्था कर रही है। उसी विमान से सभी यात्रियों को गुवाहाटी भेजा जाएगा।

#पुणे#शहर#PT24#Civic#Pune

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन